Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन चंबा परिसर में नवनिर्मित चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और प्रभावी रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य और कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा और सेवा में समर्पित रहते हैं इसलिए उन्हें सुलभ गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है बल्कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के शारीरिक मानसिक तथा सामाजिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस लाइन में स्थापित यह चिकित्सा केंद्र पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सा सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्र मोहन सिंह पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु आदित्य तिवारी प्रतिसार निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस लाइन के अधिकारी कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण स्वास्थ्य तथा बेहतर कार्य वातावरण के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी पुलिस कल्याण से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *