Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। हरेला महोत्सव-2026 के अवसर पर जनपद चमोली में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। “हर गांव का यही पैगाम एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित पॉलिटेक्निक परिसर के समीप आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अनार का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों अधिकारियों विभिन्न क्षेत्रों के सरपंचों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर विभिन्न विभागों के समन्वय और व्यापक जनभागीदारी से पूरे जनपद में 85 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को पौधों की जीवित रहने की दर बढ़ाने के उद्देश्य से नियमित निगरानी और आवश्यक संरक्षण उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विशेष रूप से फलदार पौधों के अधिकाधिक रोपण पर जोर दिया जा रहा है ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन क्षेत्रों में जैव विविधता को बढ़ावा मिले और वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक खाद्य संसाधनों में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। हरेला महोत्सव के तहत जनपदभर में विभिन्न विभागों की सहभागिता से वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना और हरित भविष्य के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेश कुमार परियोजना निदेशक आनंद कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि सरपंच तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *