Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की लोक संस्कृति प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर जनपद पौड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के नेतृत्व में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस लाइन पौड़ी सहित जनपद के सभी थाना क्षेत्रों और विभिन्न पुलिस शाखाओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने फलदार पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं बल्कि मानव जीवन जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के भी संरक्षक हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने “पेड़ लगाओ जीवन बचाओ” का संकल्प लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ सुरक्षित और हरित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक लगाए गए पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल करने का प्रण भी लिया। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना प्रभारियों फायर सर्विस संचार शाखा तथा अन्य पुलिस इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने-अपने थाना परिसरों एवं कार्यस्थलों पर वृक्षारोपण किया। सभी कार्मिकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से पौड़ी पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आमजन को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *