प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 17.18 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की शाम ग्राम दादूपुर गोविंदपुर स्थित हरिजन पुलिया के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 17.18 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने स्मैक सलेमपुर के बाहर एक व्यक्ति से खरीदी थी। वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशा करने वाले लोगों को बेचती थी। पुलिस ने महिला आरोपी रेनू निवासी रानीपुर हरिद्वार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ स्मैक की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति की तलाश में भी जुटी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी चौकी प्रभारी गैस प्लांट चरण सिंह उपनिरीक्षक पूजा पांडेय कांस्टेबल महेंद्र तोमर कांस्टेबल गंभीर तोमर तथा कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
