Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड एकेश्वर सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर में कुल 123 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं.डॉ.राजेंद्र प्रसाद अण्थवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित यह अभियान सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है। जनसेवा शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं गांव-गांव पहुंचकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने तथा विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया। कृषि विभाग ने छह किसानों को पौधे उर्वरक एवं कृषि यंत्र वितरित किए। उद्यान विभाग ने 13 किसानों को सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए। रीप एवं एनआरएलएम ने 10-10 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया। बाल विकास विभाग ने तीन लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 35 तथा आयुष विभाग ने 36 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। राजस्व विभाग ने दो कृषकों को आय प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जबकि पशुपालन विभाग ने आठ पशुपालकों को पशुओं के लिए दवाइयां वितरित कीं। शिविर में 54 शिकायतें एवं आवेदन भी प्राप्त हुए जिनमें से 51 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लोगों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट प्रधान संगठन अध्यक्ष पंकज पोखरियाल विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा एडीओ पंचायत बनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp