Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज तिलकनगर सुमाड़ी में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया ने की। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य समाज कल्याण कृषि उद्यान तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान भी किया। इस अवसर पर सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं महिलाओं किसानों छात्र-छात्राओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है जिनका उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आज गांव-गांव तक पहुंच रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर एक ही परिवार के पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ देने जैसी महत्वपूर्ण पहल भी की है जो जनहित में एक ऐतिहासिक निर्णय है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि सरकार इन शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही कर रही है और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के ऐसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बन रहे हैं तथा योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंच रहा है। अध्यक्षीय संबोधन में उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करना तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों विभागीय अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के.एस.कोहली ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनसमुदाय को दी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुमाड़ी शांति देवी समाज कल्याण अनुश्रवण समिति सदस्य गिरिवर सिंह रावत मंडल अध्यक्ष राजेंद्र डिमरी अमित रावत कुलबीर सिंह रावत पीटीए अध्यक्ष राकेश गौड़ एसएमसी अध्यक्ष रेखा देवी प्रधानाचार्य एम.एस. कंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp