Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को हरिद्वार नगर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर खाद्य सुरक्षा एवं तहसील प्रशासन बाट-माप विभाग तथा औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने होटल ढाबों रेस्तरां स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि हरिद्वार नगर क्षेत्र में शंकर आश्रम से ऋषिकुल चौक तक 20 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पंजीकरण रेट लिस्ट व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग तथा स्वच्छता मानकों की जांच की गई। निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीकरण नियमानुसार नहीं पाया गया तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन भी संतोषजनक नहीं मिला। ऐसे प्रतिष्ठानों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने और खाद्य पंजीकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री को ढककर रखने पर्याप्त डस्टबिन उपलब्ध कराने अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने तथा बासी एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय और भंडारण से बचने के निर्देश दिए। साथ ही पॉलीथिन पैकिंग में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के संबंध में भी नियमानुसार कार्य करने को कहा गया। अभियान के दौरान खुली हल्दी पाउडर और अचार के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पवन कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरिद्वार–रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल एवं रेस्तरां का भी सघन निरीक्षण किया गया। यहां 33 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर सभी संचालकों को खाद्य पंजीकरण अनुज्ञप्ति स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों से भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के प्रावधानों के अनुरूप खाद्य पंजीकरण लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड तथा रेट लिस्ट संबंधी सभी मानकों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने आमजन से भी अनुरोध किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता अथवा मिलावट से संबंधित किसी भी शिकायत को एफएसएसएआई के टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर दर्ज कराया जा सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। संयुक्त निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मदन लाल खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी देव चंद तथा वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान प्रदीप बिजलवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp