Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड मुख्यालय लक्सर सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनका लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से 301 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। वहीं क्षेत्रवासियों से विभिन्न विभागों से संबंधित 20 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष चार मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ समान नागरिक संहिता और सशक्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय भी लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना तथा विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं। बाल विकास विभाग ने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की जबकि ग्रामीण विकास विभाग ने पांच पात्र लाभार्थियों को तीन-तीन लाख रुपये के सीसीएल चेक प्रदान किए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी परवीन भट्ट ने किया। इस अवसर पर देवी राणा मोहित कौशिक राजीव कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *