प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून कार्यालय में मंगलवार को महानगर की जिला मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा संगठन विस्तार तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश एवं महानगर स्तर के पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक माह जिला बैठक आयोजित की जाती है जिसमें पिछले माह के कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाती है। उन्होंने कहा कि महानगर देहरादून संगठन के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी निरंतर संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में संगठन का विस्तार करते हुए प्रदेश एवं जिला स्तर पर विभिन्न प्रकोष्ठों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा “लखपति दीदी” अभियान के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम चला रहा है जबकि युवा मोर्चा “युवा संवाद” अभियान के जरिए युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य कर रहा है। अन्य मोर्चे भी लाभार्थी संपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। कुंदन परिहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य अंत्योदय के संकल्प को साकार करना है और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने बूथ को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार देशभर में जिला एवं मंडल स्तर पर नियमित मासिक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है जिनमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सांसद क्षेत्र विधानसभा क्षेत्र एवं जिला स्तर पर समन्वय बैठकों का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है। साथ ही आगामी दिनों में संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर केंद्र द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने का कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री एवं दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन ने प्रत्येक विधानसभा एवं बूथ स्तर पर बीएलए-1 और बीएलए-2 के माध्यम से इस अभियान को गति दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सबसे पहले मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम सुनिश्चित करें तथा जिन मतदाताओं के नाम में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति हो उसे समय रहते ठीक कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए और सभी बूथों पर मतदाताओं का सुव्यवस्थित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। बैठक के अंत में जिला प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी तथा सह प्रभारी संजय गुप्ता ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ विधायक सविता कपूर प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं दायित्वधारी पुनीत मित्तल प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान विनय गोयल कुंवर जपेन्द्र दायित्वधारी विनोद उनियाल मधु भट्ट ज्योति कोटिया श्याम अग्रवाल कुलदीप बुटोला महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों संकेत नौटियाल राजेश कंबोज ओम कक्कड़ महामंत्री विजेंद्र थपलियाल संदीप मुखर्जी मोहित शर्मा विनोद शर्मा प्रदीप कुमार जगदीश सेमवाल समीर डोभाल मोतीराम संदीप बिजलवान महिपाल बलदेव नेगी विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
