प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए किसानों को उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बताया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया किसानों एवं बागवानी से जुड़े लोगों से संवाद किया तथा कहा कि कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विकास की नई पहचान बनेगा और कृषि आधारित आयोजनों के माध्यम से किसानों को नए अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव में उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में किसी से कम नहीं हैं तथा यहां विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी उत्तराखंड की समृद्ध बागवानी क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच इस महोत्सव में शामिल होना उनके लिए विशेष अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि एवं बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही कीवी मिशन ड्रैगन फ्रूट उत्पादन महक क्रांति तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक तरीके से तैयार बिना रसायनों वाले परफ्यूम की मांग देश और विदेश में लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए हिमालय ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को देश और दुनिया में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग के कारण राज्य के स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) नकल विरोधी कानून तथा धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर नई मिसाल कायम की है जिनकी पूरे देश में चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के बच्चों को आधुनिक गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में मदरसा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया शिक्षा प्राधिकरण गठित किया गया है जिसमें विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास कृषि बागवानी मत्स्य पर्यटन निवेश और खनन सहित अनेक क्षेत्रों में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को विकास की इस तेज रफ्तार यात्रा में और आगे बढ़ना होगा तथा विकास कार्य किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन कृषि, बागवानी और किसानों को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से किसानों का उत्साह बढ़ता है और कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होती हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और दूरदर्शिता में प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने मिशन-2027 के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के आमों के स्टॉलों का निरीक्षण किया फलदार पौधा रोपित किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा प्रदीप बत्रा पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ.मधु जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी मेयर हरिद्वार किरण जैसल मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिल्ला डॉ. जयपाल सिंह चौहान ओम प्रकाश जगदग्नि श्यामवीर सैनी देशराज कर्णवाल नितिन गौतम अजीत चौधरी शोभाराम प्रजापति भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा पूर्व विधायक संजय गुप्ता भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी भाजपा नेता लव शर्मा आशु चौधरी हीरा सिंह बिष्ट सचिव विनय शंकर पांडे पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप अपर सचिव वंशीधर तिवारी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र एसपी ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी उप जिलाधिकारी योगेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भाजपा कार्यकर्ता किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
