Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे तथा सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता समन्वय और सेवा-भाव के साथ संचालित हों। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार तथा विभिन्न स्थानों पर भंडारों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से पर्याप्त संख्या में स्वच्छ पिंक टॉयलेट स्थापित करने तथा राज्य के सभी प्रमुख स्थलों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की आस्था प्रशासनिक क्षमता सेवा-भाव और कार्यकुशलता का भी प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से ‘सुरक्षित कांवड़ सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ के लक्ष्य के साथ कार्य करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड से सुरक्षित संतुष्ट और सुखद अनुभव लेकर लौटे यही राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक वैश्विक चुनौतियों के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उत्तराखण्ड में भी तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक चारधाम यात्रा में 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं जबकि 55 हजार से अधिक श्रद्धालु आदि कैलाश की यात्रा कर चुके हैं। इस वर्ष कांवड़ यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है इसलिए सभी व्यवस्थाएं उसी अनुरूप सुनिश्चित की जाएं तथा धार्मिक परंपराओं और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों सामाजिक संगठनों स्वयंसेवी संस्थाओं व्यापारियों धर्माचार्यों एवं संत समाज के सहयोग से कांवड़ यात्रा के सफल संचालन पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि धर्माचार्यों एवं संतों के संदेशों पर आधारित वीडियो तैयार कर कांवड़ यात्रियों तक पहुंचाए जाएं जिससे यात्रा अनुशासित एवं मर्यादित ढंग से संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों ड्रोन एवं एआई आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए आवश्यकतानुसार अलग-अलग यातायात व्यवस्था बनाई जाए ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में वीआईपी मूवमेंट के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख पड़ावों एवं मेला क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप एंबुलेंस चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात करने एसडीआरएफ एनडीआरएफ जल पुलिस तथा अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने और भारी वर्षा जलभराव अथवा अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पूरे कांवड़ मार्ग एवं मेला क्षेत्र में पेयजल शौचालय विश्राम स्थलों प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित सफाई अभियान चलाने नो-प्लास्टिक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा यात्रा समाप्त होने के बाद तत्काल सफाई कर क्षेत्र को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने होटलों ढाबों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा सभी प्रतिष्ठानों पर लाइसेंस एवं पंजीकरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने चौबीसों घंटे कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन सक्रिय रखने तथा जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रतिदिन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हर की पैड़ी कांगड़ा पुल एवं अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने जल पुलिस की पर्याप्त तैनाती भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन निकासी योजना तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने तथा अत्यधिक ऊंची कांवड़ और निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल एवं हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ-2027 की तैयारियों में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आना चाहिए। दोनों व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए विकास कार्यों और तैयारियों को निर्धारित समय पर आगे बढ़ाया जाए ताकि उत्तराखण्ड एक बार फिर उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का उदाहरण प्रस्तुत कर सके। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मदन कौशिक प्रदीप बत्रा राम सिंह कैड़ा दायित्वधारी विनय रोहिला सुनील सैनी डॉ. जयपाल सिंह चौहान ओम प्रकाश जगदग्नि श्यामवीर सैनी देशराज कर्णवाल दिनेश कौशिक नितिन गौतम अजीत चौधरी शोभाराम प्रजापति विधायक आदेश चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी मेयर हरिद्वार किरण जैसल मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद पूर्व विधायक संजय गुप्ता भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ.मधु प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ व्यापार मंडल हरिद्वार के महामंत्री प्रदीप कालड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेले की तैयारियों की जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान एवं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं एसएसपी सर्वेश पंवार तथा टिहरी की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने भी अपने-अपने जिलों में की गई तैयारियों से अवगत कराया। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु एल.फैनई एवं आर.मीनाक्षी सुंदरम सचिव शैलेश बगौली नितेश कुमार झा पंकज पाण्डे विनय शंकर पांडे विनोद कुमार सुमन धीराज सिंह गर्ब्याल पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अभिनव कुमार पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत मेलाधिकारी सोनिका एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *