Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्यार्क बरसुड़ी में “साइबर सुरक्षा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के थीम सॉन्ग के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों अभिभावकों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। अपने संबोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए-नए स्वरूपों में सामने आ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों को ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने ओटीपी बैंक खाते एटीएम सीवीवी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सुरक्षित तरीके से उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। शिविर के दौरान स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। वीडियो के जरिए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल मैसेज लिंक सोशल मीडिया ऑनलाइन गेमिंग डिजिटल भुगतान तथा अन्य माध्यमों से लोगों को किस प्रकार ठगी का शिकार बनाते हैं। साथ ही इनसे बचाव के लिए अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की भी जानकारी दी गई। वीडियो प्रस्तुति ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के प्रति व्यवहारिक और प्रभावी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) द्वारा “साइबर सुरक्षा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी फर्जी निवेश योजनाएं सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराध ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम डिजिटल भुगतान से जुड़ी धोखाधड़ी तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि थोड़ी-सी सतर्कता डिजिटल साक्षरता और समय पर शिकायत दर्ज कराकर साइबर अपराधों से प्रभावी रूप से बचा जा सकता है। नुक्कड़ नाटक को विद्यार्थियों अभिभावकों और उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के उपरांत हरित और स्वच्छ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सचिव पायल सिंह ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और अभिभावकों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों तथा डिजिटल सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें सुरक्षित जिम्मेदार और जागरूक डिजिटल नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp