प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा कई वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं। रानीपुर क्षेत्र में लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की थी। साथ ही तकनीकी सहायता और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को सौंपी गई थी। पुलिस ने क्षेत्र में हुई छह अलग-अलग बाइक चोरी की घटनाओं की गहन जांच की। घटनास्थलों का निरीक्षण करने स्थानीय लोगों से पूछताछ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को गोपनीय सूचना मिली जिसके आधार पर 21 जुलाई को नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से औद्योगिक क्षेत्र से चोरी की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भव्य उर्फ भोला पुत्र अरुण कुमार निवासी अमीरपुर गांगू थाना कोतवाली शहर बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा सुधीर कुमार पुत्र कालू निवासी रसूलपुर आबाद थाना हल्दौर जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। पुलिस के अनुसार भव्य उर्फ भोला पहले भी बिजनौर में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और नशे का आदी है, जबकि उसका साथी सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है। दोनों मिलकर हरिद्वार ऋषिकेश बिजनौर तथा अन्य क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के वाहन सस्ते दामों में बेच देते थे और जो वाहन नहीं बिकते थे उनके पार्ट्स अलग-अलग निकालकर बेच देते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को दोनों आपस में बराबर बांटते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की कई मोटरसाइकिलें दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर वहां से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और वाहनों के कई पार्ट्स बरामद किए। इस प्रकार कुल 25 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के कोतवाली रानीपुर कोतवाली ज्वालापुर कोतवाली नगर थाना सिडकुल थाना मंगलौर तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामदगी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई कुल 25 मोटरसाइकिलें। कई वाहनों के पार्ट्स। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक सहायक उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल कांस्टेबल करम तोमर कांस्टेबल गम्भीर तोमर कांस्टेबल प्रेम दानू कांस्टेबल अजय कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल मंजीत राणा तथा कांस्टेबल महेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। सीआईयू टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट तथा कांस्टेबल वसीम उपस्थित रहे।
