प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुवार को माह जून का जनपद स्तरीय सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न थाना शाखा और कार्यालयों से पहुंचे पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिसकर्मियों को मैन ऑफ द मंथ एवं वूमेन ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मेलन में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी अभय सिंह एसपी देहात शेखर चंद सुयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी नवनीत सिंह ने विभिन्न थानों शाखाओं और कार्यालयों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे पुलिसकर्मियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। इसके बाद एसएसपी ने जून माह के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधों के सफल अनावरण आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच महिला पुलिसकर्मियों सहित कुल 33 पुलिसकर्मियों को मैन ऑफ द मंथ एवं वूमेन ऑफ द मंथ सम्मान प्रदान किया। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने विशेष रूप से थाना पथरी पुलिस टीम की सराहना की जिसने दोहरे हत्याकांड और नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के चर्चित मामले का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि “हीरो हमारे बीच से ही चुने जाते हैं। ड्यूटी के दौरान अपराध को रोकने और अपराध के सफल खुलासे में टीम के प्रत्येक सदस्य के पास हीरो बनने का अवसर होता है। उम्मीद है कि आप सभी इसी लगन से समाज को अपराधमुक्त बनाने नशा तस्करी पर अंकुश लगाने और आमजन के बीच पुलिस का भरोसा मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे। माह जून 2026 के लिए मैन ऑफ द मंथ एवं वूमेन ऑफ द मंथ सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन चौहान कांस्टेबल विनीत कुमार अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन कांस्टेबल अंकित कवि कांस्टेबल कर्म सिंह चौहान उपनिरीक्षक विकास रावत उपनिरीक्षक चरण सिंह कांस्टेबल विवेक गुसाईं महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी अपर उपनिरीक्षक नरेंद्र राठी कांस्टेबल मनीष उपनिरीक्षक योगेश कुमार अपर उपनिरीक्षक राजेश हेड कांस्टेबल सोनू कुमार अपर उपनिरीक्षक रंजीत नौटियाल कांस्टेबल अजय काला कांस्टेबल दीप गौड़ हेड कांस्टेबल सुनील अपर उपनिरीक्षक राजेश कुमारी हेड कांस्टेबल राकेश कुमार हेड कांस्टेबल विनोद टम्टा महिला कांस्टेबल कंचन महिला फायरमैन आभा नेगी उपनिरीक्षक सोहन सिंह रावत कांस्टेबल बिजेंद्र रयाल उपनिरीक्षक वीरेंद्र डबराल कांस्टेबल मनीष कुमार कांस्टेबल महावीर सिंह बिष्ट उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार उपनिरीक्षक विपिन कुमार महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन कांस्टेबल दीपक चौधरी तथा कांस्टेबल मुकेश चौहान शामिल रहे। सम्मेलन में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों से जनसेवा अनुशासन एवं कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
