Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में माह जून की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान जून माह में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सैनिक सम्मेलन के उपरांत आयोजित अपराध गोष्ठी में एसएसपी नवनीत सिंह ने पिछले माह जनपद में दर्ज विभिन्न अपराधों का शीर्षकवार विश्लेषण किया। समीक्षा के दौरान उन्होंने कुछ थाना प्रभारियों को अपने प्रदर्शन में सुधार लाने तथा अपराधों में रिकवरी दर बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करी वाहन चोरी हुड़दंग तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी अधिकारी पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने सभी अधिकारियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और बेहतर संचालन के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कांवड़ मेले के लिए खरीदी गई सामग्री की जानकारी लेते हुए पुलिस लाइन से समय पर टेंट बैरिकेड तथा अन्य आवश्यक संसाधन स्थापित करने और आवश्यकता के अनुसार सामग्री का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान अन्य जनपदों से मिलने वाली पुलिस फोर्स तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती आवास ड्यूटी प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित व्यवस्थित और सफल कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *