Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धोखाधड़ी के मामले में वर्ष 2025 से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को थाना सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था लेकिन लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार थाना सिडकुल में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित विकास कुमार पिछले वर्ष से लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस को गुमराह कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को एएमसी लकड़ी फैक्ट्री मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार निवासी हिमगिरी बसेड़ा कॉलोनी हरथला सोनकपुर थाना सिविल लाइन जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा तथा हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *