प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पतंजलि योगपीठ के निकट सुरक्षा एनक्लेव अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के समयबद्ध एवं स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलभराव की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्थायी समाधान के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सुरक्षा एनक्लेव अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में जल निकासी की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई। अपर जिलाधिकारी ने सुरक्षा एनक्लेव में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग रुड़की को पंपिंग स्टेशन निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार होने के बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए भी सिंचाई विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जब तक स्थायी व्यवस्था लागू नहीं हो जाती तब तक जल निकासी के लिए आवश्यक पंपों की व्यवस्था पूर्व की भांति तहसील रुड़की द्वारा सुनिश्चित की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में जल निकासी कार्यों को लेकर तहसील रुड़की तहसील हरिद्वार तथा सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। तहसीलदार रुड़की और तहसीलदार हरिद्वार को जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई करने तथा जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता हो वहां सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को चैनलाइजेशन पुलिया निर्माण नालों की सफाई तथा जल निकासी से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें ताकि भविष्य में वर्षा के दौरान क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत तहसीलदार विकास अवस्थी उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण सहायक अभियंता शिव कुमार लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता प्रतीक अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
