Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 93 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श आवश्यक जांच और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान 33 लोगों का रक्तचाप परीक्षण तथा 33 लाभार्थियों की मधुमेह (डायबिटीज) की स्क्रीनिंग की गई। तीन दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए जबकि 20 लाभार्थियों की विभिन्न लैब जांच की गई। महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 18 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर दो महिलाओं की स्तन कैंसर तथा चार लोगों की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा तीन गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई तथा छह किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी परामर्श दिया गया। शिविर में 14 लोगों की क्षय रोग (टीबी) की स्क्रीनिंग और एक लाभार्थी का एक्स-रे भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 28 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा 28 आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 24 जुलाई को भी ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.अंकित भट्ट सर्जन डॉ.भानु शर्मा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.महेश ईएनटी विशेषज्ञ डॉ.फिरोज नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.श्वेता डॉ.रिया ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सोबन सिंह नेगी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रयोगशाला तकनीशियन एएनएम आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *