Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को नरेंद्रनगर स्थित जिला खेल कार्यालय का निरीक्षण कर निर्माणाधीन खेल हॉस्टल सहित विभिन्न खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन खेल हॉस्टल बैडमिंटन कोर्ट स्पोर्ट्स हॉस्टल टेबल टेनिस कक्ष ओपन जिम तथा अन्य खेल अधोसंरचनाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अवस्थापना पुनर्वास इकाई द्वारा लगभग 1.22 करोड़ रुपये की लागत से 20 खिलाड़ियों की आवासीय क्षमता वाला खेल हॉस्टल बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन हॉस्टल में खिलाड़ियों के लिए एक कॉमन रूम विकसित करने को कहा ताकि खिलाड़ी अध्ययन एवं खेल गतिविधियों के अलावा अपने खाली समय में सामूहिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग ले सकें। साथ ही हॉस्टल में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने छत की ओर जाने वाले गेट को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कराने तथा खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व में इस परिसर में राजकीय इंटर कॉलेज संचालित होता था जिसे वर्तमान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर को खेल विभाग परिसर के समीप स्थित जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खेल परिसर के बेहतर रखरखाव पर जोर देते हुए छत पर पड़े अनुपयोगी एवं पुराने सामान को हटाने भवन की छत और दीवारों पर सीलन से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने तथा छत पर मैटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है इसलिए सभी व्यवस्थाओं को सुरक्षित सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *