Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के कालीशिला क्षेत्र में शुक्रवार को हृदयाघात से अचेत हुए गुजरात के एक श्रद्धालु का जिला प्रशासन यूकाडा डीडीआरएफ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू किया। प्रतिकूल मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए देहरादून भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे जिला पंचायत सदस्य कालीमठ सरोज राणा द्वारा सूचना दी गई कि कालीशिला में एक श्रद्धालु अचानक हृदयाघात के कारण अचेत हो गया है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने तत्काल डीडीआरएफ पुलिस और 108 एंबुलेंस को राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया। डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम अपराह्न 3:26 बजे घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार बदलते मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण हेलीकॉप्टर को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में सुरक्षित लैंडिंग स्थल का चयन भी चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद यूकाडा और जिला आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वित प्रयासों से अपराह्न 4:10 बजे फाटा से हेलीकॉप्टर कालीशिला के लिए रवाना किया गया। बचाव दल ने अचेत श्रद्धालु को सुरक्षित हेलीकॉप्टर तक पहुंचाया जिसके बाद उसे एयरलिफ्ट कर अग्रिम उपचार के लिए शस्त्रधारा देहरादून भेजा गया। रेस्क्यू किए गए श्रद्धालु की पहचान 44 वर्षीय पर्वत भाई निवासी गुजरात के रूप में हुई है। पूरे अभियान के दौरान डीडीआरएफ की टीम पुलिस स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोग लगातार मौके पर मौजूद रहे तथा राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *