Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के फील्ड कार्य के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों और राजस्व उप निरीक्षकों (लेखपालों) का चार दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी वैभव गुप्ता ने की। प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय गृह मंत्रालय भारत सरकार तथा उत्तराखंड देहरादून के प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को बताया गया कि गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूरा होने के बाद अब 25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) का फील्ड कार्य कराया जाएगा। इस दौरान ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों का संकलन और अद्यतन किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आगामी कार्ययोजना की भी जानकारी दी गई। इसके अनुसार 25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका का फील्ड कार्य होगा। इसके बाद 25 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक चार्ज अधिकारी संकलित आंकड़ों का सत्यापन करेंगे। वहीं 25 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक जिला जनगणना अधिकारी द्वारा संकलित आंकड़ों का परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को बताया गया कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के सफल क्रियान्वयन में चार्ज अधिकारी अतिरिक्त चार्ज अधिकारी और लेखपालों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। जनगणना का यह कार्य पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जाएगा जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता सटीकता और त्वरित संकलन सुनिश्चित होगा। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक प्रभावी पारदर्शी और विश्वसनीय बन सकेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त निदेशक धीरेन्द्र कुमार उप निदेशक राजू कुमार बनवारी सहायक निदेशक संदीप कुमार सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-1 अमीर आलम अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह सहित जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून तथा जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *