प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभाग की तीन टीमों ने चण्डीघाट मंगलौर और रोडीबेलवाला क्षेत्र में स्थित स्थायी एवं अस्थायी खाद्य स्टॉलों ढाबों भोजनालयों रेस्टोरेंटों और होटलों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी ने बताया कि अभियान के तहत कुल 42 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा प्रयोगशाला जांच के लिए 12 खाद्य नमूने एकत्र किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में पहली टीम ने नमामी गंगे घाट और चण्डीघाट क्षेत्र के 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पांच भोजनालयों में खाद्य लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाए गए। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारियों को मौके पर ही नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर लाइसेंस एवं फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में रेट सूची लगाने खाद्य पदार्थों की खरीद के बिल सुरक्षित रखने खुले मसालों और खाद्य तेलों का उपयोग एवं बिक्री न करने तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों तथा मसालों के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। बिना लेबल और निर्माण तिथि वाले बेकरी उत्पादों के 12 पैकेट भी मौके पर हटवाए गए। दूसरी टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मंगलौर क्षेत्र के 23 ढाबों भोजनालयों और होटलों का निरीक्षण किया। सभी प्रतिष्ठानों को बासी भोजन की बिक्री न करने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और बेचने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट सूची भी प्रदर्शित कराई गई। इस टीम ने जांच के लिए दुग्ध पदार्थ का एक तथा कार्बोनेटेड वाटर के तीन नमूने एकत्र किए। तीसरी टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के नेतृत्व में रोडीबेलवाला क्षेत्र में स्थित सात खाद्य प्रतिष्ठानों ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। टीम ने सभी कारोबारियों को बासी भोजन की बिक्री नहीं करने खाद्य सामग्री को ढककर रखने खाद्य लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पनीर लाल मिर्च पाउडर और मसाले का एक-एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
