प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग पुलिस विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण लोक निर्माण विभाग शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में चिन्हित 25 ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू किए जाएं। जहां सड़क की खामियां संकेतक बोर्डों की कमी प्रकाश व्यवस्था रोड मार्किंग स्पीड ब्रेकर अथवा अन्य सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरे किए जाएं ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग नशे की हालत में वाहन चलाने बिना हेलमेट बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित और सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को कहा। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने परिवहन विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से जून 2026 तक मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 19,523 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 15,874 ओवरस्पीडिंग के 7,751 भार वाहनों में ओवरलोड के 1,142 दुपहिया वाहनों में ओवरलोड के 1,063 सीट बेल्ट का प्रयोग न करने के 1,113 माल वाहनों में सवारी ले जाने के 402 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 335 गलत दिशा में वाहन संचालन के 153, नो पार्किंग के 93 तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के 6 मामलों में चालान किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से जारी रखते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाओं के बढ़ते ग्राफ को हर हाल में नीचे लाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक विभाग को ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने के महत्व सीट बेल्ट के उपयोग सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाए ताकि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक कर सकें। बैठक में सड़क सुरक्षा ऑडिट दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक स्थापित करने सड़क संकेतकों एवं रिफ्लेक्टिव मार्किंग को सुदृढ़ करने सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी चिकित्सालयों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें पैनल में शामिल किया जाए ताकि घायलों का निकटतम अस्पताल में तुरंत उपचार सुनिश्चित कर उनका जीवन बचाया जा सके। बैठक के अंत में सभी विभागों को सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों और प्रवर्तन कार्रवाइयों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता डी.पी.सिंह सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा आरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद्र पलारिया सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह एसीएमओ डॉ.अनिल कुमार वर्मा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी एम. संतोष लोक निर्माण विभाग हरिद्वार के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार रुड़की के अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी लक्सर के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
