Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा विद्यालय वाहनों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के वाहनों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 65 विद्यालय वाहनों के चालान किए गए जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन विद्यालय बसों को सीज कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र परमिट चालक के ड्राइविंग लाइसेंस अग्निशमन यंत्र प्राथमिक उपचार किट महिला परिचारिका की उपलब्धता आपातकालीन निकास वाहन की तकनीकी स्थिति तथा अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहनों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने बताया कि दो विद्यालय बसें बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित होती मिलीं जबकि एक बस बिना पंजीकरण के संचालित की जा रही थी। इन तीनों बसों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन चालकों को निर्देश दिए गए कि सभी सुरक्षा उपकरण हर समय कार्यशील स्थिति में रखें तथा विद्यालय वाहनों के संचालन से संबंधित सभी वैधानिक और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें ताकि विद्यार्थियों का आवागमन सुरक्षित और व्यवस्थित बना रहे। इस विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती तथा परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। परिवहन विभाग ने बताया कि विद्यालय वाहनों की नियमित जांच का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा ताकि जनपद में संचालित प्रत्येक विद्यालय वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हो और विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp