Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में वन्यजीवों की तस्करी और अवैध शिकार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुलदार की खाल की तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने सतपुली क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गुलदार की खाल बरामद की है। आरोपी शिकार किए गए गुलदार की खाल हरियाणा में बेचने की तैयारी कर रहा था। वन्यजीवों की तस्करी और अवैध शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी अभियान के तहत थानाध्यक्ष सतपुली के नेतृत्व में पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम पोखरी दुधारखाल निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है जिसे वह बेचने के लिए हरियाणा ले जाने की तैयारी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने ग्राम पोखरी में दबिश देकर संदिग्ध संदीप कुमार धस्माना को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लगभग दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। शिकार के बाद उसने उसकी खाल निकालकर सुखाई और उसे लंबे समय तक अपने घर में छिपाकर रखा। आरोपी सही खरीदार की तलाश में था और अब उसे बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है। ऐसे संरक्षित वन्यजीव का शिकार करना उसकी खाल रखना या उसका व्यापार करना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। पुलिस ने 23 जुलाई को आरोपी संदीप कुमार धस्माना (39 वर्ष) निवासी ग्राम पोखरी सतपुली को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। बरामदगी गुलदार की एक खाल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम थानाध्यक्ष अनिल चौहान हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुटियाल हेड कांस्टेबल शादाब अली होमगार्ड देवेंद्र सिंह होमगार्ड मुस्कान रावत तथा वन बीट अधिकारी सतेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *