Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का समापन हो गया। शिविर में 776 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इसके साथ ही 59 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.सीमा टेकचंदानी के निर्देशन में आयोजित इस विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। जांच के दौरान 183 लोग उच्च रक्तचाप तथा 120 लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए। सभी मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। शिविर के दौरान 17 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग 20 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 49 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। इसके अलावा 607 लोगों को माहवारी स्वच्छता पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर परामर्श दिया गया
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 102 लोगों के एक्स-रे किए गए जबकि 247 लोगों की विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त 167 ग्रामीणों की आभा आईडी बनाई गई तथा 59 पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए जिससे उन्हें भविष्य में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत आयोजित ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। शिविर के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.अक्षिता ममगाईं डॉ.हेमा असवाल डॉ.विकास, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक मुदित मैठाणी आरएकेएसके काउंसलर जयदीप कुमार एक्स-रे तकनीशियन रज लैब तकनीशियन मोनिका अजय मौर्य मोनिका मैठाणी अंबरीश आयुष्मान मित्र ममता भट्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp