Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के पोंडार मानसूना स्थित क्रेशर प्लांट का शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ऊखीमठ सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण में क्रेशर प्लांट में विभिन्न स्तरों पर कई कमियां सामने आने पर अपर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने क्रेशर प्लांट की विभिन्न व्यवस्थाओं और संचालन का जायजा लिया। जांच के दौरान कई स्तरों पर व्यापक कमियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की गहन जांच करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने ज्येष्ठ खान अधिकारी रुद्रप्रयाग तहसीलदार ऊखीमठ और खान निरीक्षक को संयुक्त रूप से मामले की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर पूरी की जाए तथा सभी पहलुओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *