Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर उनके आभूषण चोरी करने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाजों को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट भी बरामद किया है। मामले में दोनों महिलाओं के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को मेरठ निवासी संगम प्रजापति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ सिद्धबली मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन के दौरान उनके पीछे कुछ महिलाएं खड़ी थीं जिन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया। काफी तलाश के बावजूद महिलाओं का पता नहीं चलने पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही सर्विलांस मुखबिर तंत्र और पतारसी-सुरागरसी के माध्यम से आरोपित महिलाओं की तलाश की गई। जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं। लगातार निगरानी के दौरान 25 जुलाई को पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दोनों महिलाएं फिर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र की ओर आ रही हैं और गुलर पुल के पास सनेह रोड पर मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे मेले धार्मिक आयोजनों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सक्रिय रहती हैं। किसी महिला के गले में कीमती आभूषण देखकर उसका पीछा करती हैं और भीड़ तथा धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन मंगलसूत्र या अन्य आभूषण चोरी कर लेती हैं। वारदात के तुरंत बाद वे भीड़ में शामिल होकर मौके से फरार हो जाती हैं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा रानी पत्नी बृजपाल निवासी धनौरा जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) तथा सरोज पत्नी महेश कुमार निवासी मोहम्मदपुर बछरायूं जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपित महिलाओं को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में हुई समान घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक शोयब अली उप निरीक्षक मेहराजुद्दीन उप निरीक्षक विनोद चपराना हेड कांस्टेबल राकेश आजाद कांस्टेबल आशीष बिष्ट कांस्टेबल चन्द्रपाल महिला कांस्टेबल करिश्मा होमगार्ड मंजू होमगार्ड कुलदीप उप निरीक्षक रणजीत तोमर उप निरीक्षक सुशील चौधरी एवं हेड कांस्टेबल उत्तम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *