प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।दहेज के लिए विवाहिता की प्रताड़ना और जहर देकर हत्या करने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को लव कुमार निवासी रावली महदूद ब्रह्मपुरी थाना सिडकुल ने कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन रूपा को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया और उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। तहरीर के आधार पर आकाश विक्रम विक्की विकास अमित रोबिन सहित दो महिलाओं निवासी ग्राम बेलड़ा कोतवाली रुड़की के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित आरोपों में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी रुड़की द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश पुत्र विक्रम निवासी ग्राम बेलड़ा कोतवाली रुड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक आषाढ़ सिंह पवार हेड कांस्टेबल रजत एवं कांस्टेबल अनिल शामिल रहे।
