प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में सियासू पुल के पास लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग एक बार फिर अस्थायी रूप से अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बंद होने से आवागमन प्रभावित हुआ है जबकि मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मार्ग को सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस मार्ग पर यात्रा करने से पहले मार्ग की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अनावश्यक यात्रा से बचें वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
