प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला गंगा समिति की बैठक जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित सीवरेज एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित कार्यों की प्रगति और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना प्रबंधक गंगा इकाई ऋषिकेश ने अवगत कराया कि मुनिकीरेती-ढालवाला में निर्माणाधीन 8 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और वर्तमान में प्लांट कार्यशील है। जिलाधिकारी ने 300 केएलडी एसटीपी प्लांट के निर्माण कार्य को सितंबर माह के प्रथम सप्ताह से पुनः शुरू करने के निर्देश उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर और परियोजना प्रबंधक गंगा इकाई ऋषिकेश को दिए। बैठक में बताया गया कि कीर्तिनगर में 10 केएलडी एसटीपी प्लांट के उन्नयन का कार्य गतिमान है। उन्नयन के बाद प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 65 केएलडी किए जाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही कीर्तिनगर के अन्य दो नालों को भी इसी एसटीपी से जोड़ने का प्रस्ताव है। बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। मानकों के अनुसार 20 से अधिक कमरों वाले होटल एवं संस्थानों में अपना एसटीपी अथवा एफएसटीपी स्थापित किया जाना अनिवार्य है। इसी क्रम में तपोवन क्षेत्र में 20 से अधिक कमरों वाले 65 होटल चिह्नित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने मुनिकीरेती पालिका क्षेत्र में भी 20 से अधिक कमरों वाले होटल एवं संस्थानों को चिह्नित कर उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही इन होटल एवं संस्थानों में एसटीपी और सीवर संयोजन की स्थिति की जांच के लिए समिति गठित कर स्थलीय निरीक्षण एवं जांच करने के निर्देश दिए।
