Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शुक्रवार को वार्ड 23 में टीजीएमओयू अड्डे के पीछे स्थित ठेके वाली गली का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। लंबे समय से गली में कुछ लोगों के शराब पीकर बैठने और स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर महापौर मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों ने महापौर को बताया कि गली में दिन के समय भी कुछ लोग शराब पीकर बैठ जाते हैं। इससे महिलाओं बुजुर्गों और अन्य स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की। महापौर आरती भंडारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके से ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर से फोन पर वार्ता की और गली में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उक्त गली में नगर निगम की ओर से तत्काल सीसीटीवी कैमरा लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। निरीक्षण के दौरान गली में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। जगह-जगह कूड़ा एकत्र होने तथा कुछ लोगों द्वारा कूड़ा लाकर गली में छोड़ने की शिकायत पर महापौर ने निगम के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक को तत्काल उचित कार्रवाई करने और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में किसी भी स्थान को असामाजिक गतिविधियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा स्वच्छता और बेहतर माहौल सुनिश्चित करने के लिए निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर शहर को स्वच्छ सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों ने महापौर की ओर से मौके पर पहुंचकर समस्या का संज्ञान लेने पुलिस गश्त की व्यवस्था कराने और सीसीटीवी लगाने की पहल का स्वागत किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इन कदमों से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *