प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में शौर्य दिवस श्रद्धा सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। पौड़ी और कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रमों में कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों और कारगिल युद्ध में सहभागी रहे वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। जनपद मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक एजेंसी चौक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित अधिकारियों पूर्व सैनिकों और गणमान्य नागरिकों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम से पहले छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। विधायक राजकुमार पोरी ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ करते हुए सभी को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कारगिल सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लगभग 75 वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए जिनमें पौड़ी गढ़वाल के 17 वीर शहीद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमारी सेनाएं सीमाओं पर पूरी सतर्कता से डटी न रहें तो देश का कोई भी नागरिक सुरक्षित नहीं रह सकता। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह सैनिकों के त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान पूरा देश मीडिया के माध्यम से सीमाओं से आने वाली खबरों पर नजर रखे हुए था। हर दिन भारतीय सैनिकों के शौर्य संघर्ष और बलिदान की गाथाएं पूरे देश को भावुक करने के साथ राष्ट्रभक्ति से भी भर रही थीं। दुर्गम पहाड़ियों पर कठिन परिस्थितियों में दुश्मन का सामना करते हुए सैनिकों ने देश की रक्षा की और उनके त्याग से ही सच्ची देशभक्ति का अर्थ समझ में आता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि देशभक्ति केवल शब्द नहीं बल्कि भीतर से जागृत होने वाली भावना है जो व्यक्ति को राष्ट्रहित के लिए समर्पित बनाती है। जिलाधिकारी ने कहा कि देश अपने शहीदों और उनके परिजनों का ऋण कभी नहीं चुका सकता लेकिन जिला प्रशासन उनके सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि शहीद द्वारों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है तथा सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए सीएसडी कैंटीन की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (सेवानिवृत्त) करन सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल तोलोलिंग और द्रास जैसी दुर्गम चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय शौर्य साहस और बलिदान का परिचय देकर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि समय के साथ पीढ़ियां बदल सकती हैं लेकिन राष्ट्र के वीर सपूतों का त्याग कभी नहीं भुलाया जाना चाहिए। नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह इन वीर गाथाओं से प्रेरणा लेकर अपने भीतर देशभक्ति अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करे। कार्यक्रम के दौरान शहीद नायक मंगत सिंह के पुत्र नीरज भंडारी तथा वीर चक्र से सम्मानित शहीद राइफलमैन कुलदीप सिंह रावत के भाई विजय सिंह रावत को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कारगिल युद्ध में सहभागी रहे सेवानिवृत्त नायब सूबेदार राम सिंह हवलदार अर्जुन सिंह हवलदार नरेंद्र सिंह हवलदार गजेंद्र सिंह नायक विमल सिंह नायक वकुल रावत नायक संजय सिंह तथा शहीद हवलदार जयवीर सिंह की धर्मपत्नी संगीता देवी को शॉल स्मृति चिन्ह और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। शौर्य दिवस के अवसर पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में मेसमोर इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा शगुन ने प्रथम राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्रा मानसी मंद्रवाल ने द्वितीय तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पैडुल की छात्रा स्वर्णिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पैडुल की छात्रा प्राची रावत प्रथम राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्रा मानवी द्वितीय तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कालेश्वर की छात्रा सलोनी रावत तृतीय स्थान पर रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली को सम्मानित किया गया। प्रभात फेरी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजकीय इंटर कॉलेज राजकीय कन्या इंटर कॉलेज डीएवी इंटर कॉलेज मेसमोर इंटर कॉलेज राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली सरस्वती विद्या मंदिर क्यूँकालेश्वर तथा हिल्स इंटरनेशनल स्कूल पौड़ी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ प्रभात फेरी को सफल बनाया। वहीं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र पाण्डेय प्रभारी पुरातत्व अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत पूर्व सैनिक संगठन पौड़ी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा अन्य अधिकारी पूर्व सैनिक जनप्रतिनिधि पत्रकार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया।
