प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को श्यामपुर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित एक पनीर एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाई (गुर्जर डेयरी) पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लगभग 50 किलोग्राम पनीर मिल्क पाउडर के खाली पैकेट बरामद किए गए तथा खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। यह कार्रवाई श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा को मिली सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान निर्माण स्थल पर एक एल्यूमिनियम कंटेनर में बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में डेयरी संचालक के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का प्रयोग किया गया है। मौके से मिल्क पाउडर के लगभग 50 खाली पैकेट भी बरामद हुए जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्मित पनीर तथा निर्माण में प्रयुक्त दूध के दो नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिया। नमूने लेने के बाद शेष लगभग 49 किलोग्राम पनीर को मौके पर जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर दबाकर नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि डेयरी संचालक रिटेल व्यवसाय के लिए प्राप्त खाद्य लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था। इस अनियमितता के आधार पर पनीर निर्माण इकाई के संचालक इमादत अली और मौके पर मौजूद उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने नोटिस जारी किया। संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा उपनिरीक्षक रविंद्र गौड़ कांस्टेबल मनमोहन सैनी सुशील खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
