प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष पहली बार मेले के दौरान सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाएंगे जो भ्रामक फर्जी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किए गए वीडियो पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। यह जानकारी सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने दी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल तथा वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखोला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आएगी उसे तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांवड़ मेला शुरू हो चुका है और बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर भी रवाना हो चुके हैं। इस बार मानसून और विभिन्न विकास कार्यों के चलते प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्माण कार्य जारी हैं और साथ ही कुंभ-2027 की तैयारियां भी चल रही हैं। इन परिस्थितियों के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सभी दुकानों पर रेट सूची प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक मेला अवधि के दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने जानकारी दी कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा तथा विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कुंभ मेले से पहले प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कांवड़ मेले का स्वरूप लगातार बदल रहा है और उसी के अनुरूप पुलिस की रणनीति को भी आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा जबकि श्रद्धालु मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के माध्यम से यात्रा करेंगे। इस संबंध में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के भीतर ही संचालित करने की अनुमति होगी। यदि कोई डीजे वाहन निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करता है या शांति व्यवस्था भंग करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। सोशल मीडिया निगरानी के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस बार पहली बार साइबर कमांडो मेले के दौरान सक्रिय रहेंगे। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक फर्जी अथवा समाज में भ्रम फैलाने वाले वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सामान्य भ्रामक वीडियो को 36 घंटे के भीतर तथा एआई से तैयार फर्जी वीडियो को लगभग तीन घंटे के भीतर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने प्रशासन और मीडिया के बीच नियमित संवाद को आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनहित की सूचनाएं अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचती हैं। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित बड़ी संख्या में विभिन्न समाचार संस्थानों के पत्रकार एवं प्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
