Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति का सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने सबसे पहले खड़खड़ी मार्ग स्थित सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के एक पिलर के निर्माण के लिए सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि पुल निर्माण से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके बाद उन्होंने पेयजल निगम की लालजीवाला आईवेल से पावनधाम होते हुए सूखी नदी तक बिछाई जा रही राइजिंग मेन परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना की लगभग 95 प्रतिशत प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शेष कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि 90.31 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 1250 मीटर लंबी राइजिंग मेन बिछाई जानी है जिसमें से 1160 मीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। अपर मेलाधिकारी ने बिल्केश्वर मंदिर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों को पैदल यात्रियों के अनुकूल फुटपाथ से जोड़ने की प्रस्तावित योजना के अंतर्गत बिल्केश्वर मंदिर क्षेत्र में लगभग 300 मीटर लंबे फुटपाथ के निर्माण को लेकर वन विभाग पीआईयू तथा मंदिर प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत हरिद्वार शहर में साढ़े चार किलोमीटर से अधिक लंबाई के पैदल यात्री अनुकूल फुटपाथ विकसित किए जाएंगे। लगभग 784.05 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह के अनुरक्षण एवं पुनरोद्धार कार्यों का भी जायजा लिया और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण एवं पुनरोद्धार कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान तकनीकी सेल के अभियंता अतुल शांडिल्य सहित पीआईयू लोक निर्माण विभाग वन विभाग पेयजल निगम और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *