Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ मेला-2026 के दौरान औद्योगिक गतिविधियों और यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े परिवहन एवं सड़क सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा के लिए सोमवार को सिडकुल कार्यालय के सभागार में उद्योग प्रतिनिधियों और परिवहन विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) सिडकुल कमल कफलतिया की ओर से किया गया। इसमें परिवहन विभाग की ओर से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा उपस्थित रहीं। बैठक की शुरुआत में कांवड़ मेला-2026 के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन को लेकर लागू यातायात प्रतिबंधों डायवर्जन व्यवस्था और निर्धारित समयावधि की विस्तृत जानकारी उद्योग प्रतिनिधियों को दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने उत्पादन डिस्पैच और लॉजिस्टिक संचालन की पूर्व योजना इन व्यवस्थाओं के अनुरूप तैयार करें ताकि औद्योगिक गतिविधियां भी सुचारु रूप से संचालित होती रहें और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। बैठक के दौरान विशेष रूप से ऑटोमोबाइल उद्योगों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि वे केवल ऐसे वाहनों के माध्यम से ही अपने उत्पादों की डिलीवरी प्राप्त करें अथवा प्रेषित करें जो निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हों। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि मानकों के अनुरूप एवं विधिसम्मत वाहनों के उपयोग से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा परिवहन नियमों के उल्लंघन की संभावनाएं कम होंगी। परिवहन विभाग ने सभी उद्योग प्रतिनिधियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सड़क सुरक्षा को संस्थागत रूप से बढ़ावा देने का आग्रह किया। उद्योगों से कहा गया कि वे कर्मचारियों के बीच हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग निर्धारित गति सीमा का पालन वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा अन्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति नियमित जागरूकता अभियान चलाएं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिवहन विभाग और सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों के संयुक्त सहयोग से समय-समय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम प्रशिक्षण कार्यशालाएं और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे जिससे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित यातायात संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण समय-समय पर उत्पन्न होने वाली यातायात जाम की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उद्योग प्रतिनिधियों से इस संबंध में व्यावहारिक सुझाव भी आमंत्रित किए गए। परिवहन विभाग ने अवगत कराया कि जो भारी वाहन बार-बार यातायात व्यवस्था बाधित करेंगे अथवा परिवहन नियमों का लगातार उल्लंघन करेंगे उनके विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को भविष्य में ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कांवड़ मेला-2026 के दौरान सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों और यातायात व्यवस्थाओं का पूर्ण पालन करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर हिंदुस्तान यूनिलीवर हीरो मोटोकॉर्प पैनासोनिक हैवेल्स किर्बी सहित सिडकुल क्षेत्र की अनेक प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने उद्योग और प्रशासन के बीच इस प्रकार के नियमित संवाद को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे समन्वयात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *