Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित सुव्यवस्थित और सफल संचालन को लेकर टिहरी पुलिस पूरी तरह तैयार है। सोमवार को महाविद्यालय ऋषिकेश परिसर में कांवड़ मेला ड्यूटी में तैनात टिहरी गढ़वाल पौड़ी और देहरादून के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल को सेवा सुरक्षा और समन्वय की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी.मुरुगेशन पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल की उपस्थिति में पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा कानून-व्यवस्था और सुचारु यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। तीनों जनपदों का पुलिस बल आपसी समन्वय और सहयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों के प्रति संवेदनशील सहयोगात्मक और विनम्र व्यवहार बनाए रखने भीड़ प्रबंधन यातायात संचालन तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर लगातार निगरानी रखने उनका तत्काल तथ्यात्मक खंडन करने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 टिहरी पुलिस के लिए केवल कानून-व्यवस्था की ड्यूटी नहीं बल्कि सेवा समर्पण और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा का दायित्व है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी संवेदनशीलता धैर्य और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी करे और स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी कार्मिकों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। टिहरी पुलिस ने कहा कि वह कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्ण मुस्तैदी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ चौबीसों घंटे सेवा में तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *