प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के सफल संचालन को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने और मतदाता सूची में सही विवरण दर्ज कराने के लिए जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न दस्तावेजों बूथवार सत्यापन निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मतदाताओं को ईसीआईनेट ऐप एवं वोटर हेल्पलाइन 1950 का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा अभियान के अब तक के संचालन पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह कैलाश प्रधान चंद्रपाल सिंह बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदन पाल भाजपा प्रतिनिधि बिंदर पाल जिला विकास अधिकारी के.के.पंत सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
