Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति निर्माण कार्यों जल गुणवत्ता घरेलू नल कनेक्शनों तथा संचालन एवं अनुरक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जल स्रोतों के संरक्षण पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याएं हैं उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण को प्रभावी बनाकर आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप जिन ग्रामों में अभी तक ओडीएफ प्लस का दर्जा प्राप्त नहीं हुआ है उनकी शीघ्र मैपिंग कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के सभी विकासखंडों एवं जिला पंचायत द्वारा संचालित कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या की जानकारी लेते हुए सभी वाहनों का संयुक्त डाटा तैयार कर संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराने तथा उनकी नियमित जीपीएस मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में समस्याग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में अभी तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाए हैं वहां शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गोवर्धन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन बायोगैस एवं जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा देने तथा परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल जिला विकास अधिकारी मो.असलम अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विनोद रमोला अधीक्षण अभियंता जल निगम वी.के.जैन‌ अधिशासी अभियंता जल संस्थान नई टिहरी प्रशांत भारद्वाज अधिशासी अभियंता जल संस्थान देवप्रयाग नरेश पाल अधिशासी अभियंता जल निगम चंबा के.एन.सेमवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp