Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए ताकि विधानसभा सत्र का सफल और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में जिलाधिकारी ने जल संस्थान को गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल भंडारण क्षमता बढ़ाने समर्पित पेयजल परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने तथा पुलिस बैरक के लिए अलग से पेयजल लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को भराड़ीसैंण हेलीपैड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से हेलीपैड की बाउंड्री वॉल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग एवं जिला पंचायत को विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यकता के अनुरूप मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने तथा स्थायी शौचालयों के निर्माण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग को संबंधित विद्यालयों में हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में पूर्ति विभाग पुलिस विभाग लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए जिससे विधानसभा सत्र के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp