Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर एक अगस्त से कोटद्वार के शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट और बास्केटबॉल तथा पौड़ी के रांसी स्टेडियम में वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के तहत प्रशिक्षित कोचों की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी जिससे उन्हें अपने ही जनपद में गुणवत्तापूर्ण और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सके। जिलाधिकारी ने पूर्व में कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम और पौड़ी के रांसी स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं आधारभूत ढांचे और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की थी। निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों अभिभावकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने नियमित प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थित प्रशिक्षण शिविर संचालित करने का सुझाव दिया था। खिलाड़ियों ने बताया कि जनपद के बड़ी संख्या में बच्चे क्रिकेट बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं लेकिन विशेषज्ञ कोचों के अभाव में उनकी प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। जिलाधिकारी ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के अनुरूप प्रशिक्षित कोचों की शीघ्र नियुक्ति के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में अब एक अगस्त से कोटद्वार में क्रिकेट और बास्केटबॉल तथा रांसी में वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर शुरू होने के बाद बच्चों और युवाओं को अनुभवी कोचों के माध्यम से उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। इससे खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता फिटनेस और प्रतियोगी क्षमता में वृद्धि होगी तथा वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का वातावरण मिल सके। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक अगस्त से प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से शुरू हो जाएंगे। प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को खेलों की तकनीकी बारीकियों फिटनेस अनुशासन और प्रतियोगी रणनीतियों का प्रशिक्षण देंगे। नियमित अभ्यास विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक खेल सामग्री की उपलब्धता से खिलाड़ियों के कौशल में निखार आएगा तथा उन्हें जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्रिकेट और बास्केटबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी एक अगस्त से शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार तथा वॉलीबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी रांसी स्टेडियम पौड़ी में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल जनपद की खेल प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों में पेशेवर भविष्य बनाने के लिए भी प्रेरित करेगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण शुरू करना नहीं बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिससे जनपद के बच्चे खेलों में पेशेवर स्तर पर अपना भविष्य बना सकें। नियमित प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा तथा जनपद में खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp