Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर संचालित ‘एक पुस्तक दान करें ज्ञान का वृक्ष लगाए अभियान’ को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति विकसित करने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पुस्तकालयों को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान को लोगों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। अभियान को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इसकी सराहना करते हुए जिला प्रशासन का उत्साहवर्धन किया है। अभियान को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से 150 पुस्तकें भेंट करने की घोषणा की है। ये पुस्तकें शीघ्र ही जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएंगी। अब तक इस अभियान के तहत 300 से अधिक पुस्तकों का संकलन किया जा चुका है। संकलित पुस्तकों को जनपद के विभिन्न सार्वजनिक और शैक्षणिक पुस्तकालयों में उपलब्ध कराया जाएगा ताकि छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सामग्री मिल सके। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं है बल्कि युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करने ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और पुस्तकालयों को सीखने के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि ‘एक पुस्तक दान करें ज्ञान का वृक्ष लगाए अभियान’ से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री ने 150 पुस्तकें भेंट करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की ओर से उपलब्ध कराई जा रही ये पुस्तकें शीघ्र ही जिला प्रशासन को प्राप्त हो जाएंगी जिन्हें जनपद के विभिन्न पुस्तकालयों में उपलब्ध कराया जाएगा ताकि छात्र-छात्राओं को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp