Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लक्सर क्षेत्र में हुई एक लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान ने 20 जुलाई 2026 को कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को चार अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और तकनीकी एवं मैनुअल जांच के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ते हुए एक महिला की भूमिका सामने लाई। इसके बाद 28 जुलाई 2026 को पुलिस ने लक्सर क्षेत्र से महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने बताया कि इमरान उसके पास भैंस खरीदने आया था और उसके पास एक लाख रुपये थे। रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। महिला ने बताया कि उसने इमरान को नियामतपुर गांव में भैंस दिखाने का बहाना बनाकर भेजा और अपने साथी को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से सूचना दी कि इमरान के पास एक लाख रुपये हैं। इसके बाद उसके साथियों ने नियामतपुर से खेड़ी कला जाने वाले मार्ग पर इमरान से एक लाख रुपये लूट लिए। लूट की रकम में से महिला को 20 हजार रुपये दिए गए थे। घटना के बाद जब उसे पुलिस में शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिली तो वह फरार हो गई। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। महिला लक्सर क्षेत्र के कुआ खेड़ा गांव की निवासी है। पुलिस ने उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। बरामदगी:लूट की रकम में से 10 हजार रुपये नकद। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक दीपक चौधरी मुख्य आरक्षी पंचम प्रकाश आरक्षी अजीत तोमर एवं महिला आरक्षी किरण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp