Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधारात्मक कार्य करने तथा भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ तक रंबल स्ट्रिप का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा चंबा विकासखंड को जाने वाली सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को दुर्घटना संभावित अंधे मोड़ों को तत्काल दुरुस्त करने आवश्यकतानुसार कॉन्केव मिरर गति सीमा संकेतक एवं अन्य सड़क संकेतकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर क्रैश बैरियर क्षतिग्रस्त हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए तथा जहां नए क्रैश बैरियर लगाए जाने हैं वहां निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूत निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कराए गए कार्यों की जियो टैग फोटो भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस एवं संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करने तथा प्रत्येक दुर्घटना का कारण दर्शाते हुए चार्ट तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने पुलिस थानों के समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को जब्त किए गए वाहनों के सुरक्षित पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को सड़कों को सुरक्षित एवं सुचारु यातायात योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भूस्खलन की आशंका है या नए भूस्खलन क्षेत्र विकसित हुए हैं वहां लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यक चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस परिवहन विभाग एवं प्रशासन को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस.नेगी उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार अधिशासी अभियंता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अविनाश सैनी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ज्योति शंकर मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp