Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित ग्राम न्यूली और सेमी सेमला के किसानों के लिए न्यूली लिफ्ट सिंचाई योजना नई उम्मीद लेकर आई है। सिंचाई विभाग के लघु डाल खंड उत्तरकाशी द्वारा चंद्रभागा गाड़ से लगभग 500 मीटर की ऊंचाई तक पानी लिफ्ट कर खेतों तक पहुंचाने की इस महत्वाकांक्षी योजना ने वर्षों से पानी की कमी से जूझ रहे किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। इस योजना से जहां बंजर खेतों में फिर से हरियाली लौट आई है वहीं किसानों की आय बढ़ने के साथ आत्मनिर्भरता और खुशहाली का नया रास्ता भी खुला है। योजना शुरू होने से पहले क्षेत्र के अधिकांश खेत सिंचाई के अभाव में बंजर पड़े रहते थे। किसान पूरी तरह वर्षा पर निर्भर थे जिसके कारण फसल उत्पादन कम होता था और कई परिवारों को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता था। खेती से सीमित आय होने के कारण ग्रामीणों के सामने आर्थिक चुनौतियां लगातार बनी रहती थीं। नाबार्ड की आरआईडीएफ-28 योजना के अंतर्गत लगभग 331.43 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई न्यूली लिफ्ट सिंचाई योजना ने क्षेत्र में कृषि विकास की नई संभावनाएं पैदा की हैं। अब न्यूली और सेमी सेमला के खेतों तक नियमित रूप से सिंचाई का पानी पहुंच रहा है जिससे वर्षों से खाली पड़े खेतों में दोबारा खेती शुरू हो गई है। सिंचाई सुविधा मिलने के बाद किसानों ने पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक और नकदी फसलों की खेती भी शुरू कर दी है। क्षेत्र में अब सब्जियां औषधीय पौधे और अन्य लाभकारी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना ने उनके जीवन में नई आशा का संचार किया है। अब खेती लाभ का माध्यम बन रही है और युवा भी खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इससे क्षेत्र से होने वाले पलायन में भी कमी आएगी। न्यूली लिफ्ट सिंचाई योजना केवल एक सिंचाई परियोजना नहीं बल्कि ग्रामीण विकास कृषि समृद्धि और आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है। यह योजना साबित करती है कि यदि किसानों को समय पर सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाए तो वे अपने परिश्रम से बंजर भूमि को भी उपजाऊ बनाकर खुशहाली की नई कहानी लिख सकते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। न्यूली लिफ्ट सिंचाई योजना जैसी जनकल्याणकारी परियोजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिख रही हैं। क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे किसानों के जीवन में समृद्धि और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp