Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “सरकार जनता के द्वार” अभियान के अंतर्गत जनपद टिहरी के विकासखंड देवप्रयाग स्थित ग्राम बोरगांव में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.डी.के.शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और विकास संबंधी मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों और मांगों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिविर के दौरान ग्राम पंचायत चिलपड़ की प्रधान अंजनी देवी ने गांव की पुरानी विद्युत लाइन को बदलने तथा नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की मांग उठाई। इसके अलावा ग्रामीणों ने बोरगांव से चमराड़ा देवी तक सड़क निर्माण पेयजल के भंडारण के लिए टंकी निर्माण तथा विद्यालय में क्षतिग्रस्त फर्श के पुनर्निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी। जनसमस्या समाधान शिविर में दो वृद्धावस्था पेंशन तथा दो दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सभी प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। शिविर में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रशांत कृषि विभाग से विशाल उद्यान विभाग से वंशिका शिक्षा विभाग से जगमोहन सिंह एवं ओंकार सिंह वन विभाग से बिजेंद्र प्रकाश सिंह विनोद कुमार एवं ओमप्रकाश प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग तथा राजस्व विभाग से नवीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp