Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने टिहरी मुख्यालय स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में आयोजित गुरुपूर्णिमा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गुरुपूर्णिमा का शुभकामना संदेश संतों तक पहुंचाया तथा देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान गायत्री परिवार की ओर से जिलाधिकारी को अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संतों श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा दिखाने वाले होते हैं। गुरु हमें सत्य ईमानदारी और सद्मार्ग पर चलना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु कोई भी हो सकता है लेकिन जिसे गुरु का स्थान मिला है उसे अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अच्छा बनेगा तो परिवार अच्छा बनेगा और अच्छे परिवार मिलकर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करेंगे। व्यक्ति का स्वभाव और उसकी सोच उसके आसपास के वातावरण से भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि टिहरी के लोग सकारात्मक सोच रखने वाले हैं और यही इस जिले की विशेष पहचान है। जिलाधिकारी ने कहा कि गायत्री परिवार समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। हमें ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए जिससे बच्चों और नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार मिल सकें। समाज में जैसा वातावरण होगा वैसा ही प्रभाव आने वाली पीढ़ी पर पड़ेगा। उन्होंने सभी से अपने गुरुजनों का सम्मान करने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत विजय जड़धारी सुशील बहुगुणा शांतिकुंज से बी.पी. बधानी देवी सिंह पंवार कुंवर सिंह राणा कृष्ण भूषण पेटवाल सहित अन्य संतजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp