Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति लंबित राजस्व वसूली विचाराधीन राजस्व वादों के निस्तारण खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा विभागीय प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने और आमजन को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून माह में 92 छापेमारी की गई जिनमें 9 प्रकरण दर्ज किए गए तथा एक वाहन सीज किया गया। वहीं परिवहन विभाग की समीक्षा में जानकारी दी गई कि अब तक 1,638 चालान किए जा चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए चालान की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अधीनस्थ न्यायालयों में विभिन्न अधिनियमों से संबंधित कई मामले लंबित हैं। इनमें सर्वाधिक 108 मामले आबकारी अधिनियम के अंतर्गत लंबित हैं। इसके अलावा आयुध अधिनियम के 8 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के 6 मादक पदार्थ अधिनियम के 9 विदेशी अधिनियम के 2 तथा कॉपीराइट अधिनियम का 1 मामला लंबित है। जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त जनपद की 42 पटवारी चौकियों के मरम्मत कार्य के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इनमें से 16 पटवारी चौकियों का मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष पटवारी चौकियों की मरम्मत शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए ताकि राजस्व व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। विचाराधीन राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि पुराने मामलों की नियमित सुनवाई कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को भी पूरी तरह सुचारु बनाए रखने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता जिला आबकारी अधिकारी के.पी.सिंह तहसीलदार धीरज राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *