Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे मेला क्षेत्र में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंज रहे हैं जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय बना हुआ है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है जो लगातार श्रद्धालुओं की सहायता और मार्गदर्शन कर रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र सहायता केंद्र तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जा रही है। आधुनिक निगरानी प्रणाली के जरिए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है जिससे सुरक्षा व्यवस्था और भी प्रभावी बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें यातायात व्यवस्था में सहयोग दें तथा किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संपर्क करें। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp